प्रयागराज,
मौनी अमावस्या स्नान के पूर्व प्रयागराज संगम क्षेत्र में भगदड़,कई घायल,कई के मौत की सूचना,20 एंबुलेंस से घायल भेजे गए अस्पताल,अखाड़ों ने शाही स्नान किया रद्द,
यूपी के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में मौनी अमावस्या के स्नान से पहले भगदड़ मच गई। सैकड़ों लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए। इससे कुछ लोगों की मौत की भी सूचना है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी की भी मौत की पुष्टि नहीं की है।भगदड़ के बाद तत्काल 20 से ज्यादा एंबुलेंस से लोगों को अस्पताल भेजा गया है। महाकुंभ अस्पताल में लगभग दो दर्जन घायल श्रद्धालु लाए गए हैं। प्रयागराज के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। बेली समेत अन्य अस्पतालों में भी घायलों को ले जाया जा रहा है।
मौनी अमावस्या पर अखाड़ों का शाही स्नान शुरू होने से ठीक पहले हुई भगदड़ से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है। घटना संगम नोज पर वहीं हुई है, जहां अखाड़ों का अमृत स्नान होना है। बताया जाता है कि महाकुंभ में मौनी अमावस्या के लिए सोमवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा हुआ था। स्नान शुरू होने के बाद संगम में भीड़ अधिक बढ़ गई।
संगम तट और उसके आसपास लाखों श्रद्धालु जमा हो गए। अखाड़ों के लिए बनाई गई बैरिकेडिंग भी कुछ स्नानार्थियों ने तोड़ने का प्रयास किया। जिसको जहां से जगह मिलती उधर ही चला गया। इसी दौरान स्थिति बिगड़ने लगी। रात करीब दो बजे स्थिति नियंत्रण से बाहर हुई तो भगदड़ मच गई। भागती भीड़ में जो नीचे गिर पड़ा वह उठ नहीं सका।
भगदड़ के बाद अपनों से बिछड़ गए काफी लोग अस्पताल पहुंचे हैं। हालांकि किसी को अभी अंदर नहीं जाने दिया गया है। अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि काफी लोग दब गए। कोई उन्हें उठाने या बचाने वाला नहीं था। लोग बस रौंदते जा रहे थे। मौके पर काफी लोगों का सामान भी बिखरा पड़ा है। कई लोग अपनों से बिछड़ गए हैं। पुलिस प्रशासन ने बिछड़े लोगों को अपने घर जाने की अपील की है।
महाकुंभ में भगदड़ के बाद अखाड़ों के शाही स्नान को रद्द दिया है। प्रशासन की अपील के बाद यह फैसला किया गया है। मौनी अमावस्या पर सभी अखाड़ों के साधु-संत शाही स्नान करते हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ही भोर में चार बजे से शाही स्नान के लिए अखाड़ों को निकलना था और पांच बजे पहले स्नान शुरू हो जाना था। अखाडा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने कहा कि लोगों की भीड़ को देखते हुए स्नान को रद्द कर दिया गया है।