कौशाम्बी: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सेवारत शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त किए जाने हेतु सांसद को सौंपा ज्ञापन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सेवारत शिक्षकों से TET अनिवार्यता समाप्त किए जाने को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के निर्देश पर कौशाम्बी सांसद पुष्पेंद्र सरोज से उनके आवास पर मिलकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, कौशाम्बी ने ज्ञापन सौंपा।
महासंघ के जिला संयोजक ओम दत्त त्रिपाठी के नेतृत्व में सांसद से भेंट कर वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET अनिवार्यता एवं उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों से TET अनिवार्यता समाप्त के विषय में विस्तार से चर्चा की और इस समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए इस अति महत्वपूर्ण विषय को संसद के मानसून सत्र में उठाकर विधायी संशोधन करवाने का अनुरोध किया।प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष शिक्षक समाज की चिंताओं, विधिक तथ्यों, प्राकृतिक न्याय एवं मानवीय पक्ष को रखा।
महासंघ के जिला सहसंयोजक अवनीश मिश्र की ओर से सांसद से आग्रह किया गया कि, इस विषय पर शिक्षक हितों की रक्षा करते हुए न्यायसंगत एवं संवेदनशील निर्णय लिया जाए।सांसद पुष्पेंद्र सरोज द्वारा यह आश्वासन दिया गया है कि इस मुद्दे को मानसून सत्र में पुरजोर तरीके से संसद में उठाकर समस्या का समाधान करवाया जायेगा।
इस मौके पर शेष कुमार दुबे, रघुनाथ द्विवेदी,अनूप कुमार वर्मा, रेनू यादव,श्वेता चौधरी,प्रियंका,किरण मिश्र, मालती देवी, आलोक द्विवेदी,रामकृष्ण साहू, दीपक सिंह, भूपेंद्र सिंह,राकेश कुमार,रामरतन,बालचंद्र,शिवभरोश शर्मा समेत सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।








