कौशाम्बी में पुलिस की सराहनीय पहल,बैसकांटी गांव में अपराधियों को दिलाई अपराध से दूर रहने की शपथ

कौशाम्बी: कौशाम्बी में पुलिस की सराहनीय पहल,बैसकांटी गांव में अपराधियों को दिलाई अपराध से दूर रहने की शपथ,

यूपी के कौशाम्बी जिले में आगामी त्योहारों और आयोजित होने वाले मेलों को देखते हुए करारी थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर एक सराहनीय पहल की है। नवनियुक्त थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पाण्डेय के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के बैसकांटी गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत पुलिस ने गांव में चोरी, छिनैती और जेबकतरी जैसी घटनाओं में संलिप्त महिला-पुरुषों को एकत्र किया। थानाध्यक्ष ने सभी को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की नसीहत दी और भविष्य में अपराध न करने की शपथ दिलाई।

इस दौरान थानाध्यक्ष ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने पर होने वाली कड़ी कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को समझाया कि अपराध से न तो परिवार चलता है और न ही समाज में सम्मान मिलता है।

पुलिस की इस पहल पर लोगों ने भी अपराध से दूर रहने और अपने बच्चों को भी बुराइयों से बचाने का संकल्प लिया। त्योहारों के मद्देनजर अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की इस जागरूकता पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor