कौशाम्बी: पुलिस लाइन कौशाम्बी में मेडिकल कैंप का आयोजन,पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन गृह में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में मेडिसिन विभाग की डॉ0 संध्या खरें, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ0 पवन कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ0 मृदुला रंजन, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ0 आजम अली, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ0 सौरभ मिश्रा, पैथोलॉजी विभाग के डॉ0 सतीश कुमार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ0 अनुप्रिया तथा दंत चिकित्सा विभाग की डॉ0 रिचा डोकानिया द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त अनिल कुमार द्वारा काउंसलिंग संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं तथा श्री जगत पाल, लैब टेक्नीशियन एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा जांच संबंधी आवश्यक कार्यवाही की गई।
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की प्रकृति को देखते हुए उनके स्वास्थ्य एवं शारीरिक-मानसिक फिटनेस का विशेष महत्व है। इसी क्रम में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल कैंप आयोजित किया गया।मेडिकल कैंप के माध्यम से पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान 72 पुरुष एवं 42 महिला, कुल 114 पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संबंध में आवश्यक परामर्श एवं चिकित्सकीय सुझाव दिए गए तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस दौरान पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित खान-पान एवं दैनिक दिनचर्या पर ध्यान देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर एसपी सत्यनारायण, एएसपी अमिता सिंह, सीओ लाइन जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक देवपाल सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








