कौशाम्बी: कौशाम्बी में चाइनीज मांझे को लेकर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान,कई दुकानों में की जांच,33 बंडल चाइनीज मांझा जब्त,दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत,
यूपी के कौशाम्बी जिले में शुक्रवार को चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर यह अभियान मुख्यमंत्री के आदेशों के क्रम में जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया। इसका उद्देश्य चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर रोक लगाना था।यह सघन अभियान जिले के सभी थानों के अंतर्गत आने वाले प्रमुख बाजारों में चलाया गया। इनमें मंझनपुर, भरवारी, सिराथू, सराय अकिल, मूरतगंज, पश्चिम शरीरा और करारी जैसे क्षेत्र शामिल थे। पुलिस टीमों ने पतंग, धागा और जनरल स्टोर्स सहित अन्य दुकानों की विशेष रूप से जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि चाइनीज मांझा का क्रय-विक्रय और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस ने बताया कि इसके इस्तेमाल से आमजन, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों को गंभीर चोट या जान का खतरा हो सकता है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अभियान के तहत, थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र में एक दुकान से 33 छोटे-बड़े पैकेट चाइनीज मांझा जब्त किया गया।
कौशाम्बी एसपी राजेश कुमार ने जनता से अपील की है कि वे चाइनीज मांझा न खरीदें, न बेचें, न भंडारित करें और न ही इसका उपयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी इसकी अवैध बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर कॉल किया जा सकता है या निकटतम थाने में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।








