कौशाम्बी: 10 फरवरी को तहसील चायल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर हेतु प्री कैम्प का होगा आयोजन,40 से अधिक विभागों के लोग पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं की देंगे जानकारी और लाभ,
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के आदेशानुसार एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी के तत्वावधान में जिले के नागरिकों को विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जागरूक करने, सशक्तीकरण प्रदान करने तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा निर्बल एवं निर्धन वर्ग, दिव्यांगों, बच्चों, महिलाओं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लोगों के लिए संबंधित विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र व्यक्तियों को चिन्हित तथा लाभान्वित किए जाने के उद्देश्य से 10 फरवरी को तहसील चायल परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्री कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी की सचिव आस्था मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी 2026 को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मेगा शिविर से पूर्व जनपद की सभी तहसीलो में प्री-कैंप का आयोजन किया जाना है। इसके तहत तहसील चायल में 10 फरवरी 2026 को प्री कैंप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर में जनपद के 40 से अधिक विभागों की सहभागिता रहेगी, जिनके माध्यम से सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित एवं लाभ प्रदान किया जाएगा। तहसील चायल के ऐसे सभी नागरिक जो किसी भी सरकारी योजना हेतु पात्र हैं, वे शिविर में उपस्थित होकर जानकारी एवं लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए तहसील चायल के समस्त पी.एल.वी., पैनल अधिवक्ता एवं मध्यस्थ अधिवक्ता भी उपस्थित रहेंगे। आम जन मानस उनसे संपर्क कर उनका सहयोग ले सकते हैं। इस हेतु पीएलवी गांव-गांव जाकर प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं।प्री कैम्प में सम्मिलित विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी एवं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसमें जिला विकास एवं विकास खण्ड विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, दुग्ध विभाग, मत्स्य पालन विभाग, औद्योगिक विभाग, श्रम कल्याण विभाग बंधुआ मजदूरी, पुलिस विभाग मानव तस्करी, युवा कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, संस्कृति विभाग, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, परिवहन विभाग, आवास एवं नगर विकास विभाग, जीवन, पशु एवं फसल बीमा विभाग, केन्द्रीय औषधीय एवं सुगंध पादप अनुसंधान केन्द्र, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं, नाबार्ड, रेशम विभाग, वन विभाग, डाक विभाग, आई.टी.आई., डूडा, नगर पालिका परिषद, नेडा, खनन विभाग, कृषि उत्पादन मंडी समिति, विद्युत वितरण विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं रसद विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित होंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आस्था मिश्रा ने तहसील के सभी नागरिकों से इस प्री कैम्प में अधिक संख्या में शामिल होकर लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद कौशाम्बी*








