कौशाम्बी: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वैवाहिक बंधन में बधें 115 जोड़े,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डाॅ. अमित पाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने नवीन मण्डी समिति ओसा में आयोजित भव्य मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 115 जोड़े वैवाहिक बंधन में बधें। समारोह में वैदिक मन्त्रोच्चार एवं पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया।
डीएम डॉ अमित पाल,भाजपा जिलाध्यक्ष,सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, पूर्व विधायक लाल बहादुर, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेन्द्र फौजी, सदस्य उ.प्र. अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग जितेन्द्र कुमार एवं पूर्व ब्लाॅक प्रमुख जितेन्द्र सोनकर ने नवदम्पतियों को आर्शीवाद देते हुए ईश्वर से सुखमय, समृद्ध एवं सफल वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की।
इस दौरान सीडीओ ने कहा कि शासन द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत प्रति जोड़ा एक लाख रूपए देने का प्राविधान किया गया है। जिसमें 60 हजार कन्या के खाते में हस्तान्तरित किया जाता है, 25 हजार रूपए से घरेलू सामान दिया जाता है एवं 15 हजार रूपए आयोजन पर व्यय किया जाता है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यन्त लाभकारी है।








