कौशाम्बी: पुलिस ने गोवध अधिनियम के आरोपी 25 हजार के इनामिया को किया अरेस्ट,भेजा जेल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में कोखराज थाना पुलिस ने गोवध अधिनियम के आरोपी 25 हजार के इनामिया जयकरन उर्फ विकल पुत्र राम प्रवेश निवासी बिछौरा थाना मंझनपुर को अरेस्ट किया है,यह आरोपी डेढ़ महीने पहले मुठभेड़ में अरेस्ट किए गए गौतस्करों का साथी था और फरार हो गया था।
मामला मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र का है जहा 3 जनवरी की रात ससुर खदेरी नदी व इचौली गाँव के मध्य झाड़ियों में बिजली के खम्भों से बंधे हुये कुल 12 बैल जिंदा बरामद हुए थे, जिसके सम्बन्ध में थाना कोखराज में मामला दर्ज किया गया था। उक्त गोवंशो को परिवहन कर वध हेतु कहीं बाहर ले जाने के लिए बांधा गया था, किंतु कुछ लोगों द्वारा सूचना देने पर पुलिस के पहुंच जाने से अपराधी तस्करी को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए थे। घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत सफल अनावरण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने थाना कोखराज पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की टीम को लगाया था। छानबीन से उक्त घटना में 7 गौतस्करों के नाम प्रकाश में आए थे।
12 जनवरी को थाना कोखराज पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुये टेगाई नियामतपुर मार्ग पर पतेरिया बाग के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान घटना से सम्बन्धित 03 आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था । फरार चल रहे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु एसपी राजेश कुमार द्वारा 25,000 /- रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।
इसी क्रम में एसपी द्वारा गठित टीमों द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु सम्भावित स्थानों पर दबिश देकर तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर थाना कोखराज पुलिस ने मुकदमा से सम्बन्धित 25,000 /- रुपये का इनामियां वांछित आरोपी जयकरन उर्फ विकल पुत्र राम प्रवेश निवासी बिछौरा थाना मंझनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी राजेश कुमार ने इनामिया वांछित आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्द्धन हेतु 25000/- रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।








