कौशाम्बी: कौशाम्बी में मकान का कब्जा खाली करने गई पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर पथराव मामला:पथराव का वीडियो वायरल,16 पर FIR दर्ज,8 अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जिले के सैनी थाना क्षेत्र स्थित गौराहार गांव में राजस्व और पुलिस टीम पर हमले का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है। शनिवार को पैमाइश और अवैध कब्जा हटाने गई टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी और राजस्व कर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में नायब तहसीलदार की तहरीर पर 15 नामजद समेत 16 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है,वही पुलिस ने 8 आरोपियों को अरेस्ट भी कर लिया है। गांव में स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई है।
घटना एक जमीन विवाद से जुड़ी हुई है,जहा सैनी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धमावां का मजरा ग़ौराहार निवासी जय सिंह पुत्र धुन्नीलाल ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी कि उनके 20 साल पुराने मकान पर गांव की झुलनी देवी पत्नी दयाशंकर और अन्य लोगों ने ताला तोड़कर कब्जा कर लिया है। जय सिंह ने राजस्व विभाग से इसकी लिखित शिकायत भी की थी।शिकायत के बाद 21 फरवरी को नायब तहसीलदार अतुल कुमार स्थानीय लेखपाल और पुलिस टीम के साथ जांच के लिए गांव पहुंचे थे। जांच में पाया गया कि विवादित मकान बंजर खाते की भूमि पर बना है, जिस पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था।
जांच के दौरान झुलनी देवी के पक्ष से करीब 15-20 लोग लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और कुल्हाड़ी लेकर इकट्ठा हो गए।इसके बाद भीड़ ने राजस्व विभाग की टीम और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए और अपने घरों में छिप गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
नायब तहसीलदार अतुल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने शिवसिंह, अंगद सिंह, रोहित कुमार, मोहित कुमार, झुलनी देवी, शिवानी, भगौती, हीरालाल, राजेश, कमलेश, बृजलाल, रामहित, विमला उर्फ भुक्खलाइन और बुधराज सहित 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वही रविवार को पुलिस ने दबिश देकर 8 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है, जबकि अन्य आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
वही पूरे मामले में सीओ सिराथू भैया संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सिराथू तहसील के गौराहार गांव में कब्जा हटाने गई पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर लोगो ने हमला कर दिया है,नायब तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वही पुलिस ने दबिश देकर 8 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है बाकी की तलाश जारी है।








