कौशाम्बी में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई,10 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ अरेस्ट

कौशाम्बी: कौशाम्बी में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई,10 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को लखनऊ की विजिलेंस की टीम ने पश्चिम शरीरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ अरेस्ट किया है। विजिलेंस की कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

मामला पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र का है जहा चंपहा निवासी भोलानाथ जायसवाल उम्र लगभग 48 वर्ष निवासी को हैसियत प्रमाण पत्र बनवाना था। इसके लिए सिंघवल गांव में तैनात लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य से बात चल रही थी। आरोप है कि लेखपाल ने प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी।पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से की।

पीड़ित की शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और सोमवार की दोपहर चंपहा बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर जैसे ही भोलानाथ ने लेखपाल को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ लेकर चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय राजस्व कर्मियों में हलचल मच गई।

इस संबंध में सदर एसडीएम एसपी वर्मा ने बताया कि लेखपाल के घूस लेते पकड़े जाने की सूचना उन्हें भी प्राप्त हुई है। विजिलेंस टीम से आधिकारिक पुष्टि होते ही निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor