कौशाम्बी: बारात के बीच जाम में फंसी एंबुलेंस में गर्भवती महिला का डॉक्टरों ने कराई सुरक्षित डिलीवरी,जच्चा बच्चा सुरक्षित,
यूपी के कौशाम्बी जिले में बारात के बीच जाम में फंसी एंबुलेंस में गर्भवती महिला का डॉक्टरों ने मानवता की मिशाल पेश करते हुए सुरक्षित डिलीवरी कराई है,डिलीवरी के बाद महिला और उसके नवजात शिशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है,डिलीवरी के बाद जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित है।सुरक्षित डिलीवरी के बाद परिजनों ने भी डॉक्टर और उनकी टीम को धन्यवाद दिया है।
मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र का है जहा एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी सराय अकिल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में सड़क पर बारात लगी हुई थी,जिसके चलते सड़क पर भीषण जाम लग जाने के कारण एंबुलेंस अस्पताल तक नहीं पहुंच सकी। स्थिति गंभीर होती देख इसकी सूचना तुरंत सीएचसी अधीक्षक डॉ. ललित सिंह को दी गई। मामले की गंभीरता को समझते हुए डॉ. ललित सिंह बिना समय गंवाए स्टाफ नर्सों की टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। जाम इतना अधिक था कि उनका वाहन भी आगे नहीं बढ़ सका। ऐसे में टीम ने मानवता को सर्वोपरि रखते हुए पैदल ही एंबुलेंस तक पहुंचने का निर्णय लिया।
एंबुलेंस तक पहुंचे के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस के अंदर ही पूरी तत्परता से कुशलता पूर्वक और सावधानी के साथ सुरक्षित प्रसव कराया। सुखद पहलू यह रहा कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस साहसिक और संवेदनशील पहल से न सिर्फ एक परिवार में खुशियां लौटीं, बल्कि सीएचसी सराय अकिल ने यह भी साबित कर दिया कि सच्ची सेवा वही है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी पीछे न हटे। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य टीम की मुक्त कंठ से सराहना की है और इसे जिले के लिए गर्व की बात बताया है। जनपद में इस घटना की व्यापक चर्चा हो रही है और स्वास्थ्य विभाग की यह कार्यशैली अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।







