कौशाम्बी: कौशाम्बी में खुली पहली निःशुल्क स्मार्ट लाइब्रेरी,सांसद ने किया उद्घाटन,इस लाइब्रेरी में मुफ्त में पढ़ें सकेंगे 50 छात्र,
यूपी के कौशाम्बी जिले के अझुवा कस्बे में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनोखी पहल की गई है। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मार्ट निशुल्क लाइब्रेरी आज से छात्र छात्राओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध हो गई है,लाइब्रेरी का उद्घाटन सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने फीता काटकर किया। इस लाइब्रेरी को खास तौर पर छात्रों को बेहतर और शांत माहौल में पढ़ाई की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
अझुवा में खुली डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मार्ट लाइब्रेरी में करीब 50 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र यहां बैठकर पढ़ाई कर सकें। सबसे खास बात यह है कि यह लाइब्रेरी पूरी तरह से नि:शुल्क है, जहां कोई भी छात्र आकर पढ़ाई कर सकता है। लाइब्रेरी खुलने से इलाके के छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। छात्रों का कहना है कि अब उन्हें पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिलेगा, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी मदद मिलेगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के छात्रों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस दौरान सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि जनपद में यह पहली स्मार्ट लाइब्रेरी है। हमने इसकी एक छोटी शुरुआत की है। कौशाम्बी में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 50 बच्चों की क्षमता वाली यह लाइब्रेरी शुरू की गई है, जहां बच्चे निशुल्क आकर पढ़ सकते हैं। कई ऐसे छात्र हैं जो पढ़ाई के लिए बाहर जाते हैं, जहां कोचिंग और लाइब्रेरी पर काफी खर्च होता है। इसी को देखते हुए हमने यह निशुल्क लाइब्रेरी शुरू की है, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधा मिल सके।फिलहाल इस पहल से छात्रों में काफी खुशी है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में ऐसे और प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा देंगे।








