कौशाम्बी: 16 से 30 नवम्बर, 2026 तक स्वगणना में भाग लेने की अपील,स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन भर सकेंगे अपनी एवं परिवार की जानकारी,
यूपी के कौशाम्बी जनपद के अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी/सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जनसंख्या गणना के लिए स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर, 2026 से 30 नवम्बर, 2026 तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में जनपद कौशाम्बी के नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
जनपद कौशाम्बी के समस्त नागरिकों से अपील है कि वे स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए पूछे गए सभी 40 प्रश्नों का सही एवं पूर्ण उत्तर दर्ज करें। स्वगणना के अंतर्गत व्यक्तिगत पहचान एवं विवरण, सामाजिक एवं पारिवारिक जानकारी, जन्मस्थान एवं प्रवास, शिक्षा एवं साक्षरता, रोजगार एवं आजीविका, दस्तावेज एवं अन्य विवरण तथा स्वास्थ्य एवं अन्य जानकारियों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
स्वगणना करने की प्रक्रिया निम्नवत है—
1. सर्वप्रथम आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाएं।
2. अपने राज्य का चयन कर मोबाइल नंबर एवं परिवार के मुखिया का आवश्यक विवरण दर्ज करें।
3. मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करें।
4. पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल मानचित्र (Map) में अपने आवासीय भवन का सही स्थान चिह्नित करें।
5. परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित पूछे गए प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरें।
6. सभी जानकारियों की जांच करने के उपरांत फॉर्म सबमिट करें। इसके बाद प्राप्त स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखें।
जनपदवासियों से अपील है कि निर्धारित अवधि में स्वगणना अवश्य पूर्ण करें तथा सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।








