कौशाम्बी: विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन,महिलाओं को किया गया उनके अधिकारों के प्रति जागरूक,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्व अनुमति से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन ग्राम सभा कसेन्दा तहसील चायल जनपद कौशांबी के पंचायत भवन में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम चायल अरुण कुमार ने की, इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाएं सर्व समाज की रीढ़ की हड्डी हैं, बिना उनके कोई भी कार्य पूरा नहीं किया जा सकता,आज के इस दौर में हर जगह महिलाएं बराबरी की भागीदारी निर्वहन कर रही हैं एवं समाज को समृद्ध एवं सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
तहसीलदार चायल पुष्पेंद्र गौतम ने कहा कि महिलाओं के सामाजिक आर्थिक सांस्कृतिक और राजनीतिक योगदान और उपलब्धियां का जश्न मनाने एवं उनके अधिकारों और लैंगिक समानता के महत्व को बढ़ावा देने का आज एक वैश्विक दिन है, जो नारी शक्ति के संघर्ष और सफलता को दर्शाता है और उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही कहा कि अगर तहसील में महिलाओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या होती है तो वह सीधे कार्यालय में आकर मुझसे मिलकर अपनी बात रख सकती हैं,हर संभव उनकी मदद की जाएगी मौके पर दो महिलाओं की निराश्रित विधवा पेंशन का निस्तारण भी किया गया।
पीएलवी ममता दिवाकर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज प्रगति करता है, महिलाएं सृजन शक्ति और सहनशीलता की मिसाल हैं, साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं जैसे वृद्धा पेंशन योजना, निराश्रित विधवा पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, एवं वर्तमान में संचालित समस्त कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी और साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या आने पर कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में संपर्क करने के लिए भी कहा।अंत में ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश कुमार सोनी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन देकर कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम में एसडीएम चायल अरुण कुमार, तहसीलदार चायल पुष्पेंद्र गौतम,ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश सोनी, ग्राम प्रधान सुखलाल यादव, हल्का लेखपाल योगेंद्र सिंह, समाज सेवी तलत अजीम, पंचायत सहायक ओमशंकर शर्मा, पीएलवी ममता दिवाकर, अमरदीप दिवाकर, आशा कार्यकत्री आसमा, शोभा देवी, आशा सरोज, सुनीता पाल एवं तमाम ग्रामवासी उपस्थित रहे।








