कौशाम्बी: डीएम ने की जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक की।
डीएम ने व्यक्तिगत शौचालयों की रेट्रोफिटिंग के लिए किए जा रहें सर्वे की समीक्षा के दौरान विकास खण्ड कौशाम्बी एवं कड़ा में पोस्ट जिओ टैगिंग में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए खण्ड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पं0) को शत-प्रतिशत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत शौचालयों के अवशेष 19798 रेट्रोफिटिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने आर.आर.सी. संचालन की समीक्षा के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी को सभी आर.आर.सी. सेन्टर का संचालन सुनिश्चित बनाए रखने रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक विकास अधिकारी (पं0) से प्रत्येक विकास खण्ड के चिन्हित 05-05 ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, यूजर चार्ज एवं प्लास्टिक एकत्रीकरण आदि की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सीडीओ को एस.ओ.पी़. बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों के संचालन की स्थिति की समीक्षा के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि केयर टेकरों के मानदेय का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाय।
जिला पंचायतराज अधिकारी ने बताया कि ग्राम पुरखास में निर्मित प्लास्टिक यूनिट में 18 कुन्तल एवं ग्राम टेंवा में निर्मित प्लास्टिक यूनिट में 20 कुन्तल प्लास्टिक एकत्र किया जा चुका है, जिसमें प्लास्टिक का धुलाई व छटाई का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर बिक्रय की कार्यवाही प्रचलित है। उन्होंने बताया कि जनपद में गंगा नदी में प्रवाहित हो रहें नालों को टैप किया जाना है, जिसके अन्तर्गत 15 नालों को टैप किए जाने के लिए कार्ययोजना बना लिया गया है, जिस पर डीएम ने आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








