कौशाम्बी: एसपी ने एसआई ,नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को नकलविहीन,सुचितापूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी एसपी राजेश कुमार एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व शालिनी प्रभाकर ने उदयन सभागार में उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापको के साथ बैठक की।
बैठक में एसपी राजेश कुमार ने उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा को गम्भीरता से लिया जाय। निर्देश पुस्तिका का भली-भॉति अध्ययन कर लिया जाय। सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारीपूर्वक किया जाय, किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाय। उन्होंने कहा कि परीक्षा नकलविहीन, सुचितापूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न करायी जाय। भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाय।
एडीएम (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर ने उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि यह परीक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सेक्टर सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केन्द्र का भ्रमण कर सी.सी.टी.वी. की क्रियाशीलता आदि कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 जनपद में 14 मार्च एवं 15 मार्च 2026 को 02 पालियों में आयोजित की जाएगी। कुल 06 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों की संख्या-7680 है। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 06 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 06 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है।
इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








