कौशाम्बी: जनगणना के लिए तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ,
यूपी के कौशाम्बी प्रमुख जनगणना अधिकारी/डीएम डॉ. अमित पाल के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी जनगणना (प्रशिक्षण)/एसडीएम आकाश सिंह एवं अपर जिला जनगणना अधिकारी/जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी रविन्द्र कुमार जायसवाल ने सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ऑडिटोरियम में आयोजित फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया।
इस दौरान नोडल अधिकारी आकाश सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रथम चरण में प्रथम बैच के 27 फील्ड ट्रेनरों को 16, 17 एवं 18 मार्च को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण में द्वितीय बैच के 27 फील्ड ट्रेनरों को 23, 24 एवं 25 मार्च को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल 54 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
नोडल अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण और मकानों की गणना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के उद्देश्य, कानूनी प्राविधानों और मकान सूचीकरण के सैद्धांतिक नियमों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल ऐप और डिजिटल पोर्टल का उपयोग व प्रगणकों को डेटा फीड करने के लिए तकनीकी बारीकियों को समझाया जाएगा। फील्ड वर्क का अभ्यास, मॉक एक्सरसाइज और अंत में शंका/समाधान किया जायेगा।
फील्ड ट्रेनर अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। जनगणना का कार्य दो चरणों में सम्पादित किया जाएगा। प्रथम चरण 22 मई से 20 जून, 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना एवं द्वितीय चरण 09 फरवरी, 2027 से 28 फरवरी, 2027 तक जनगणना की जाएगी।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा, मास्टर ट्रेनर डॉ देवेश सिंह यादव, डॉ संदीप कुमार तिवारी, जनगणना प्रभारी कौशांबी राज कुमार, जनगणना लिपिक सुनील सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें।








