कौशाम्बी: विधायक पूजा पाल के बैंक खाते से 1.55 लाख रुपये की साइबर ठगी, UPI और PhonePe से निकाली रकम,FIR दर्ज,
यूपी के कौशाम्बी जिले के चायल विधानसभा सीट से विधायक एवं भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल के बैंक खाते से लगभग 1.55 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई है। आरोप है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच कई बार उनके खाते से PhonePe और UPI के माध्यम से यह रकम निकाली गई।
इन लेन-देन की जानकारी विधायक को नहीं थी।विधायक को 14 सितंबर को खाते से हुई संदिग्ध निकासी की जानकारी हुई। इसके बाद बैंक खाते की जांच कराई गई तो कई ऐसे लेन-देन सामने आए, जिन्हें विधायक ने खुद किए जाने से इनकार किया। मामले में विधायक की शिकायत पर शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे प्रयागराज के धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
बताया गया कि विधायक का बैंक खाता प्रयागराज के धूमनगंज स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में है। शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके खाते से कई बार रकम ट्रांसफर और निकाली गई।विधायक ने आशंका जताई है कि उनके आईफोन को हैक कर बैंकिंग से जुड़ी जानकारी और निजी डेटा का दुरुपयोग किया गया हो सकता है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से मोबाइल फोन, PhonePe, UPI और बैंक खाते से जुड़े लेन-देन की तकनीकी जांच कर रही है।
विधायक ने साइबर क्राइम पुलिस से 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी PhonePe और UPI लेन-देन की जांच कराने के साथ ही प्रत्येक ट्रांजैक्शन की आईडी, बैंक खाते और मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।साथ ही उन्होंने खाते से आगे होने वाली किसी भी अवैध निकासी को रोकने तथा अब तक निकाली गई लगभग 1.55 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग की है। शिकायत की प्रतियां साइबर क्राइम थाना प्रयागराज, धूमनगंज थाना और संबंधित बैंक शाखा के प्रबंधक को भी दी गई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








