कौशाम्बी में सपा को बड़ा राजनीतिक झटका, राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के भतीजे ने थामा आजाद समाज पार्टी का दामन

कौशाम्बी: कौशाम्बी में सपा को बड़ा राजनीतिक झटका, राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के भतीजे ने थामा आजाद समाज पार्टी का दामन,

यूपी के कौशाम्बी जिले की राजनीति में शनिवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कौशाम्बी जिले के कद्दावर नेता एवं मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज के भतीजे शिव बाबू सरोज ने समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का दामन थाम लिया।

लखनऊ स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शिव बाबू सरोज को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्होंने शिव बाबू सरोज के गले में नीला पटका पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया।

शिव बाबू सरोज के आजाद समाज पार्टी में शामिल होने की खबर के बाद कौशाम्बी जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खासतौर पर इसे समाजवादी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

शिव बाबू सरोज के पार्टी बदलने से कौशाम्बी जिले में आने वाले दिनों में सियासी समीकरणों पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor