कौशाम्बी: नाबालिग प्रेमिका ने प्रेमी युवक के उकसाने पर की थी आत्महत्या, मां की शिकायत पर पुलिस ने किया अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जिले में नाबालिग प्रेमिका को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी प्रेमी युवक को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।मामला 13 मार्च का कोखराज थाना क्षेत्र का है जहां की एक 16 वर्षीय किशोरी आंचल रैदास ने फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी,मृतका की मां ने कोखराज थाना पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए आरोपी युवक पर आशंका व्यक्त की थी,जिसके बाद कोखराज थाना पुलिस ने आरोपी युवक को सोमवार को कोखराज हंडिया बाईपास मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा के पास से पकड़ लिया और लिखापढ़ी कर जेल भेज दिया।
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के फकीर बख्श का पुरवा गांव का है जहा 13 मार्च को आंचल रैदास (16) का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला था। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। जब परिजन लौटे और आंचल की आवाज नहीं सुनी, तो उसकी मां रुकमनि ने कमरे में जाकर देखा, जहां उन्होंने आंचल को फंदे से लटका पाया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
मृतका की मां रुकमनि ने पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी आंचल का बरीपुर गांव निवासी सुरेंद्र गौतम (पुत्र राम आसरे गौतम) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मां के अनुसार, दोनों शादी करना चाहते थे और परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार था। सुरेंद्र अक्सर उनके घर आता-जाता था।रुकमनि ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र ने फोन पर आंचल से कुछ ऐसा कहा, जिसके कारण आंचल ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
मां की तहरीर के आधार पर कोखराज थाना पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार शाम को पुलिस ने सुरेंद्र को टोल प्लाजा के पास से उस समय अरेस्ट कर लिया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।








