कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं,संबंधित को दिए निस्तारण के निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड मंझनपुर की ग्राम-चक हिंगुई में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित कर दिया जाय। उन्होंने ग्रामवासियों से पूछा कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं या नहीं, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य करते हैं कि नहीं, जिस पर ग्रामवासियो ने बताया कि अध्यापक विद्यालय समय से आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य भी करते हैं।
डीएम ने ग्राम में गठित स्वयं सहायता समूह एवं लखपति दीदियों की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न योजनाओ के अन्तर्गत लाभान्वित किया जाय, ताकि वे अपने उद्यम को और बढ़ा सकें। उन्होंने जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्राम में पेयजल आपूर्ति की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिशासी अभियंता, जल निगम से कहा कि अप्रैल माह के बाद जलापूर्ति सुनिश्चित करा ली जाए, कहीं पर कोई कमी न रहने पाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।
बैठक में बताया गया कि ग्राम में 28 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन एवं 23 निराश्रित महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है। ग्राम चौपाल में सीएमओ एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर लाभ उठाने की अपील की।








