कौशाम्बी: पुलिस लाइन में 390 प्रशिक्षु आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह संपन्न,कौशाम्बी को 148 और प्रतापगढ़ को मिले 142 आरक्षी,
यूपी के कौशाम्बी पुलिस लाइन में प्रशिक्षु आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सौम्या अग्रवाल, मंडलायुक्त प्रयागराज, मण्डल प्रयागराज के आगमन पर एसपी सत्यनारायण प्रजापत द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथि द्वारा दीक्षांत परेड का मान-प्रणाम ग्रहण करने के उपरांत परेड ग्राउण्ड पर सुसज्जित एवं टोलीवार उपस्थित परेड का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात प्रशिक्षु आरक्षियों की टोलियों द्वारा अनुशासित एवं सधे हुये कदमों से मार्चपास्ट करते हुए सलामी मंच के सामने से गुजरते हुये मुख्य अतिथि का अभिवादन किया गया ।
तत्पश्चात समीक्षा क्रम में परेड की प्रस्तुति की गई एवं मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षित आरक्षियों को संबोधित कर कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा हेतु प्रेरित किया गया। इसके उपरांत श्रीमान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश तथा माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के संबोधन का सीधा प्रसारण उपस्थित जनसमूह के समक्ष प्रदर्शित किया गया।
इसी क्रम में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को पुरस्कृत किया गया। तत्पश्चात एसपी सत्यनारायण प्रजापत द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियो को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत शपथ ग्रहण हेतु टोलियों का निर्धारित स्थान पर आगमन हुआ तथा मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षु आरक्षियों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत टोलियों का प्रस्थान संपन्न हुआ। समापन अवसर पर एसपी सत्यनारायण प्रजापत द्वारा मुख्य अतिथि अन्य अतिथियो एवं समारोह को सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निर्वहन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों,प्रशिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि कुल 390 प्रशिक्षु आरक्षियों द्वारा दिनांक 21.07.2025 से दिनांक 26.04.2026 तक रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र पुलिस लाईन कौशाम्बी में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त किया गया जिसमें जनपद कौशाम्बी में नियुक्त कुल 148 प्रशिक्षु एवं जनपद प्रतापगढ़ मे नियुक्त कुल 142 प्रशिक्षु सम्मलित हैं । भव्य एवं शानदार दीक्षांत परेड को संचालित करने में परेड कमांडर प्रथम- प्रशिक्षु राजीव मौर्य, परेड कमांडर द्वितीय- प्रशिक्षु सूरज प्रताप सिंह एवं परेड कमांडर तृतीय – प्रशिक्षु राजित यादव द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निर्वहन की गयी । दीक्षांत परेड समारोह में प्रशिक्षुओं की कुल 14 टोलियों द्वारा प्रतिभाग किया गया ।
प्रशिक्षण के दौरान अत्यंत लगन, परिश्रम व निष्ठापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षु राजीव मौर्य द्वारा सर्वाधिक अंक प्राप्त कर सर्वांगसम सर्वोत्तम प्रशिक्षु होने का गौरव प्राप्त किया गया, साथ ही इनके द्वारा आंतरिक विषयों (इंडोर) में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। इसी प्रकार प्रशिक्षु राजित यादव द्वारा बाह्य विषयों (आउटडोर) में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया ।
इस अवसर पर जेपी यादव जिला जज जनपद न्यायालय कौशाम्बी एवं डॉ अमित पाल डीएम कौशाम्बी सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








