कौशाम्बी: चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज से लगी आग,आग से गैस सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट,एक महिला गंभीर झुलसी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया,जहा चाय बनाते समय गैस लीकेज के कारण सिलेंडर में आग लगने के बाद ब्लास्ट हो गया। इस घटना में एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से झुलस गई।जिसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया जहा उसका इलाज चल रहा है।
घटना चरवा थाना क्षेत्र के सुधवर गांव की है जहा कलावती पत्नी बुधनाथ के घर पर उनकी बहू सराध्या के साथ गुरुवार सुबह रसोई में चाय बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगने पर घर में अफरा-तफरी मच गई और कलावती तथा उनकी बहू जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगीं।स्थिति को संभालने के प्रयास में कलावती घर के सामान को बाहर निकाल रही थीं, तभी अचानक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, विस्फोट इतना तेज था कि कलावती उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस बुलाकर घायल महिला को उपचार के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।








