कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं,अधिकारियों को ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड सरसवा की ग्राम- डेढ़ावल में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिशासी अभियंता, लोनिवि को पश्चिम शरीरा से भगवतपुर मोढ़ तक सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाय। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर ग्रामवासियों ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने ग्रामवासियों से पूछा कि विद्यालय में अध्यापक समय से आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य करते हैं या नहीं, जिस पर बताया गया कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य भी कर रहे हैं।
डीएम ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया एवं बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को ग्राम के हैंडपंपों की क्रियाशीलता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार को ग्राम में आबादी के पास आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 130 परिवारों को चिन्हित किया गया है, सभी पात्र लोगों को शीघ्र आवास योजना से लाभान्वित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 37 परिवारों को चिन्हित किया गया है, जिसमें से 13 परिवारों को लाभान्वित कर दिया गया है, शेष परिवारों को शीघ्र ही लाभान्वित कर दिया जाएगा।
ग्राम चौपाल में सीएमओ डॉ. संजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सहायक अभियंता,जल निगम ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जुलाई माह से संपूर्ण ग्राम में पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी।








