कौशाम्बी: डीएम ने की जल निगम एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा,निर्माण कार्य में लापरवाही करने वाली फर्मों के विरूद्ध आर्थिक जुर्माना लगाए जाने के लिए शासन को पत्र प्रेषित करने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को उदयन सभागार में जल निगम, नलकूप एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
डीएम ने ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य, पाइपलाइन बिछाने का कार्य, गृह संयोजन एवं पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क के मरम्मत कार्य की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए प्रभारी अधिशासी अभियंता, जल निगम तथा फर्म जे.एम.सी. एवं बाबा जी.ए. इन्फ्रा. को और लेबर बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पाए जाने पर सीडीओ से कहा कि फर्मों के विरूद्ध आर्थिक जुर्माना लगाए जाने के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जाय।
डीएम ने प्रभारी अधिशासी अभियंता,जल निगम से कहा कि सम्बन्धित एसडीएम से समन्वय कर निर्माण कार्य में भूमि विवाद से सम्बन्धित आ रही समस्या का समाधान कराते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कराई जाय। उन्होंने अधिशासी अभियंता, सिंचाई से कहा कि खरीफ में किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की समस्या न होने पाए, इसके लिए कार्ययोजना बनाकर अभी से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करा लिया जाय। उन्होंने अधिशासी अभियंता नलकूप को यान्त्रिक दोष/विद्युत दोष के कारण बन्द नलकूपों को शीघ्र क्रियाशील करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी अधिशासी अभियंता,जल निगम ने बताया कि जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत जनपद में 275 पेयजल परियोजनाओं में से 201 पेयजल परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है।








