कौशाम्बी में पुलिस नागरिक भर्ती परीक्षा को लेकर आईजी जोन ने पुलिस अधिकारियों के साथ संगोष्ठी कर दिए आवश्यक निर्देश 

कौशाम्बी: कौशाम्बी में पुलिस नागरिक भर्ती परीक्षा को लेकर आईजी जोन ने पुलिस अधिकारियों के साथ संगोष्ठी कर दिए आवश्यक निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी जिले में होने वाली उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से आईजी प्रयागराज जोन अजय कुमार मिश्र ने पुलिस कार्यालय स्थित दुर्गाभाभी सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी की। गोष्ठी में जनपद कौशाम्बी में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए समस्त राजपत्रित अधिकारियों, परीक्षा केन्द्रों के पुलिस प्रभारियों तथा परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग/फ्रिसकिंग में नियुक्त पुलिस बल के प्रभारियों ने प्रतिभाग किया।

आईजी जोन ने परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी निर्धारित मानकों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

गोष्ठी में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कर्तव्यनिष्ठा एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की, जिससे परीक्षा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।

इस दौरान एसपी सत्यनाराण प्रजापत एवं परीक्षा नोडल अधिकारी एएसपी अमिता सिंह मौजूद रही।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor