कौशाम्बी: डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,कार्य में लापरवाही पाए जाने पर DCPM के विरुद्ध कार्यवाही करने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
डीएम ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ से कहा कि जनपद के सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों एवं स्टाॅफ की उपस्थिति समय से सुनिश्चित किया जाए। झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए।
डीएम ने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मूरतगंज, कनैली एवं चायल में लाभार्थियों का भुगतान अपेक्षित न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों से विगत माह जून में शिशु मृत्यु के कारणों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने नए आयुष्मान आरोग्य मन्दिर एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान लापरवाही/शिथिलता पाए जाने पर डीसीपीएम के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए कराए जाने वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सीएमओ को कार्यदायी संस्था से समन्वय कर कार्य कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को आभा आई.डी. बनाने एवं नियमित टीकाकरण में शत-प्रतिशत प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर कैम्प लगाकर लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी से प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ से चिकित्सकों की उपलब्धता एवं एम्बुलेंस की स्थिति आदि की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी एवं सीएमओ डाॅ. संजय कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।







