कौशाम्बी: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत बदनपुर नौगीरा टोल प्लाजा पर जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को बदनपुर नौगीरा टोल प्लाजा,राम वनगमन मार्ग (दाईं पटरी) पर उपाध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश सोहन लाल श्रीमाली, अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर,विधायक चायल पूजा पाल,भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान उपाध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली ने कहा कि यदि हम प्रकृति की रक्षा करेंगे, तो प्रकृति भी हमारी रक्षा करेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ते हुए पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर ने कहा कि जब व्यक्ति बीमार होता है तो अस्पताल में ऑक्सीजन के लिए धन खर्च करना पड़ता है, जबकि पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन नि:शुल्क प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने की अपील की।
विधायक चायल पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वृक्षारोपण महाअभियान-2026 पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण मिल सके।
इस अवसर पर एसपी सत्य नारायण,सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी अजय कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








