कौशाम्बी: जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मांग को लेकर सपाइयो ने सौंपा ज्ञापन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए डीएम के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार अहमद और जिलाध्यक्ष कासिम हुसैन के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के 38 कमरों को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग उठाई।
समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार अहमद और जिलाध्यक्ष कासिम हुसैन की अगुवाई में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने डीएम को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 कमरों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई को तत्काल रोका जाए और यूनिवर्सिटी को सुरक्षित रखा जाए।
सपा नेताओं ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हजारों छात्रों की शिक्षा और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में किसी भी प्रकार की ध्वस्तीकरण कार्रवाई से छात्रों के हित प्रभावित होंगे। उन्होंने सरकार से शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवादों से दूर रखते हुए संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत निर्णय लेने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मुहिम चला रही है और यदि आवश्यकता पड़ी तो इस मुद्दे पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








