कांवड़ियों की सुविधा के लिए यूपी पुलिस की नई पहल,कांवड़ खंडित होने या जल गिरने की स्थिति में शिवभक्तों के लिए कांवड़ मार्ग के थानों पर उपलब्ध रहेगा पवित्र गंगाजल

कौशाम्बी: कांवड़ियों की सुविधा के लिए यूपी पुलिस की नई पहल,कांवड़ खंडित होने या जल गिरने की स्थिति में शिवभक्तों के लिए कांवड़ मार्ग के थानों पर उपलब्ध रहेगा पवित्र गंगाजल,

यूपी के कौशाम्बी जिले में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक अहम पहल की है। अब यदि भीड़भाड़ या किसी अन्य कारण से कांवड़ यात्रियों का गंगाजल खंडित हो जाए या गिर जाए, तो उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं होगी।जिले के सभी हाइवे के थानों और पुलिस चौकियों में प्रयागराज संगम से लाया गया गंगाजल उपलब्ध कराया गया है।

आगामी पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त बनाने हेतु एसपी सत्यनारायण के कुशल निर्देशन में कौशाम्बी पुलिस ने शिवभक्त कांवड़ियों की धार्मिक भावनाओं और श्रद्धा का सम्मान करते हुए एक विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की है।कांवड़ यात्रा के दौरान अक्सर भीड़, दुर्घटना या किसी अप्रत्याशित कारण से कांवड़ियों की कांवड़ खंडित होने अथवा पवित्र जल गिर जाने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसी विषम परिस्थिति में शिवभक्तों की सहायता के लिए कौशाम्बी पुलिस द्वारा संगम नगरी प्रयागराज से बड़े-बड़े गैलनों में पवित्र गंगाजल मंगवाया गया है।

कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्गों पर पड़ने वाले सभी थानों के साथ-साथ जनपद के विभिन्न अन्य थानों पर भी प्रयागराज संगम का यह पवित्र गंगाजल सुरक्षित रखवाया गया है। यदि किसी कांवड़िए का जल मार्ग में गिर जाता है, तो उसे अपनी यात्रा बीच में छोड़ने या वापस जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वह नजदीकी थाने या मार्ग पर तैनात पुलिस कर्मियों से संपर्क कर तुरंत पवित्र गंगाजल प्राप्त कर सकेगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor