कौशाम्बी: अत्यंत कम जन्म वजन एवं समयपूर्व जन्मे नवजात को नई जिंदगी, एसएनसीयू से स्वस्थ होकर मिली छुट्टी,
यूपी के कौशाम्बी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सकों ने अत्यंत कम जन्म वजन (900 ग्राम) एवं समयपूर्व जन्मे नवजात शिशु का सफल उपचार कर उसे स्वस्थ अवस्था में एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) से छुट्टी देकर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
विकास खंड मंझनपुर क्षेत्र निवासी एक महिला ने 21 जुलाई 2026 को समयपूर्व एक नवजात शिशु को जन्म दिया। जन्म के समय शिशु का वजन मात्र 900 ग्राम था। कम जन्म भार, समयपूर्व जन्म एवं श्वसन कष्ट (Respiratory Distress) के कारण नवजात को तत्काल बाल रोग विभाग की एसएनसीयू में भर्ती किया गया।
एसएनसीयू में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश कुमार रस्तोगी, जूनियर रेजीडेंट डॉ. बाहिद अख्तर तथा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ भूपेन्द्र कुमार सिंह, बीना भारती एवं बीनू यादव ने नवजात की गहन चिकित्सकीय निगरानी, श्वसन सहायता, संक्रमण से सुरक्षा तथा आवश्यक पोषण सुनिश्चित करते हुए निरंतर उपचार प्रदान किया। चिकित्सकीय टीम की सतत देखभाल एवं अभिभावकों के सहयोग से शिशु के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हुआ। इसके पश्चात शिशु को कुछ दिनों तक कंगारू मदर केयर (केएमसी) वार्ड में रखकर आवश्यक देखभाल एवं उपचार दिया गया।वर्तमान में नवजात पूर्णतः स्वस्थ एवं स्थिर अवस्था में है, जिसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने इस सफलता पर बाल रोग विभाग, एसएनसीयू टीम एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि अत्यंत कम जन्म भार वाले समयपूर्व नवजातों का सफल उपचार टीमवर्क, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और समर्पित सेवाओं का परिणाम है।








