कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं,विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत छूटे हुए सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने शुक्रवार को “गॉव की समस्या,गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड सिराथू की ग्राम-गिरधरपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर ग्रामवासियों ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं एवं आशा व ए.एन.एम. भी ग्राम में आती है। उन्होंने ग्रामवासियों से विद्यालय में शिक्षक समय से आते हैं कि नहीं, की जानकारी प्राप्त करते हुए जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय का निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराएं।
डीएम ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया एवं बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। उन्होंने गांव में खेल का मैदान बनाए जाने के लिए उप जिलाधिकारी को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कहीं-कहीं पर पानी नहीं आता है, जिस पर जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता,जल निगम एवं जिला उद्यान अधिकारी को पेयजल आपूर्ति एवं पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क के मरम्मत कार्य का सत्यापन कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत 189 परिवारों को चिन्हित किया गया है, फाइनल सूची तैयार की जा रही है, शीघ्र ही पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत और 05 लोगों को चिन्हित किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 20 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है एवं परिवार रजिस्टर से मिलान के उपरांत और 14 पात्र लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 06 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
ग्राम चौपाल में समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।








