जनगणना के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना एवं स्वगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बैठक आयोजित

कौशाम्बी: जनगणना के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना एवं स्वगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बैठक आयोजित,

यूपी के कौशाम्बी सीडीओ/प्रमुख जनगणना अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के प्रचार-प्रसार एवं 16 नवम्बर,2026 से 30 नवम्बर,2026 तक आयोजित होने वाली स्वगणना के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनगणना निदेशालय से नामित जनपद प्रभारी राजकुमार एवं जनगणना मास्टर ट्रेनर डॉ. संदीप कुमार तिवारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया तथा जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

सीडीओ ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों के अधीनस्थ समस्त कार्मिकों की स्वगणना शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराएं। इसके लिए सभी अधिकारी अपने कार्मिकों का डाटा तीन दिवस के भीतर तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

बैठक में सभी अधिकारियों को जनपद अनुदेश पुस्तिका वितरित की गई तथा निर्देशित किया गया कि जनगणना से संबंधित सभी अनुदेशों का भली-भांति अध्ययन करें और अपने अधीनस्थ कार्मिकों की शत-प्रतिशत स्वगणना कराने के साथ ही जनगणना कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

इसी क्रम में आज उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक में सीडीओ द्वारा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से भी स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने की अपील की गई। उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में सभी व्यापारियों एवं आमजन को स्वगणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त 31 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे स्वगणना के संबंध में समस्त जनपद स्तरीय एवं विकास खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक भी आयोजित की जाएगी,सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत सहभागिता एवं व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने की अपील की।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor