मेडिकल कॉलेज में “नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान“ का हुआ आयोजन

कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में “नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान“ का हुआ आयोजन,

यूपी के कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को “नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान“ के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा वर्ष 2047 तक नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध करना था।

यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को प्रारम्भ किए गए राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान“ का हिस्सा है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा एमबीबीएस प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रधानाचार्य प्रो0 डा0 हरिओम कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक सोच अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प डा0 राकेश कुमार शुक्ला, सह-आचार्य व विभागाध्यक्ष एनाटमी विभाग द्वारा कराया गया, तथा यह प्रतिज्ञा की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करेंगे तथा स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनस्वास्थ्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए इस संदेश के साथ किया गया कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

उपरोक्त कार्यक्रम मे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डा0 पंकज कुमार तिवारी, वरिष्ठ परामर्शदाता, डा0 सुरभि प्रकाश, आचार्य, डा0 सरस्वती जयसवाल यादव, डा0 विश्व प्रकाश, डा0 अरिन्दम् चक्रवर्ती, डा0 रविरंजन सिंह, डा0 शारदा सिंह, डा0 विकाश कुमार एवं अन्य संकाय सदस्य, चिकित्साधिकारी व कर्मचारी तथा एम0बी0बी0एस0 प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्र छात्राऐ उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor