कौशाम्बी: जनसुनवाई का असर वार्ड-7 पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी,जलभराव और बदहाल सड़कों पर दिए सख्त निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद मंझनपुर में जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ मंगलवार को वार्ड संख्या-7, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कटरा नगर) पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर में जलभराव, जल निकासी, नालियों की बदहाल स्थिति और क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
अध्यक्ष ने ईओ को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए तथा नाली और सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर आम जनता को जल्द राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान ही नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और मंझनपुर के समग्र विकास के लिए नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याओं को मौके पर रखकर शीघ्र समाधान की मांग की, जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








