कौशाम्बी: कौशाम्बी की तीनों तहसीलों में चला ABVP का व्यापक सदस्यता अभियान, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ग्रहण की सदस्यता,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कौशाम्बी द्वारा छात्रहित, राष्ट्रहित एवं समाजहित के संकल्प के साथ चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिले की तीनों तहसीलों मंझनपुर, सिराथू एवं चायल में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विचारधारा, कार्यपद्धति, संगठन के उद्देश्य एवं छात्र हित में किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अभियान को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की।
चायल तहसील के आदर्श इंटर कॉलेज, सराय अकिल एवं रणजीत पंडित इंटरमीडिएट कॉलेज सिराथू सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सदस्यता अभियान चलाया गया। वहीं मंझनपुर तहसील के आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, पश्चिम शरीरा में भी विद्यार्थियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जोड़ने का अभियान चलाया गया। जिले के अलग-अलग विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें संगठन की छात्रहित से जुड़ी गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में बताया।
ABVP कौशाम्बी के जिला संयोजक सुशील सोनकर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल सदस्यता लेने वाला संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराने वाला देशव्यापी छात्र संगठन है। विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का कार्य करती है। कौशाम्बी जिले में सदस्यता अभियान को लेकर विद्यार्थियों में जिस प्रकार का उत्साह दिखाई दे रहा है, वह आने वाले समय में जिले में छात्र शक्ति के मजबूत और सकारात्मक विस्तार का संकेत है।
सिराथू तहसील के मुख्य वक्ता आनंद सिंह पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए। अभाविप विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार, नेतृत्व एवं सामाजिक दायित्वों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
वहीं मंझनपुर तहसील के मुख्य वक्ता वंश केसरवानी ने कहा कि कौशाम्बी का युवा आज शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में नई भूमिका निभाने के लिए तैयार है। अभाविप का सदस्यता अभियान विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को परिषद की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कौशाम्बी द्वारा मंझनपुर, सिराथू एवं चायल तीनों तहसीलों में एक साथ चलाए गए सदस्यता अभियान से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यापक गति मिली है। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अभाविप की सदस्यता के लिए प्रेरित किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले के प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक पहुंचकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। कौशाम्बी में छात्र शक्ति को संगठित कर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र सेवा के संकल्प को मजबूत करने के लिए अभाविप का सदस्यता अभियान निरंतर जारी रहेगा।
सदस्यता में तहसील संयोजक चायल प्रशांत मणि पांडे, पवन भट्ट, विराट भट्ट,सक्षम मिश्रा, सूरज सोनकर, दिव्य , तेजमणि, उपेंद्र गर्ग सहित तमाम कार्यकर्ता शामिल रहे








