प्रभारी मंत्री ने की जनपद के विकास कार्याें एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा,दिए आवश्यक निर्देश 

कौशाम्बी: प्रभारी मंत्री ने की जनपद के विकास कार्याें एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा,दिए आवश्यक निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी जिले के भ्रमण पर पहुंची जिले की प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास, उ.प्र. कृष्णा पासवान ने बुधवार की देर सायं माॅ शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के विकास कार्याें एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।

राज्यमंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता, विद्युत से कहा कि निर्धारित समयावधि में ट्रान्सफार्मर बदल दिया जाए एवं निर्धारित समयावधि तक सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़ें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतवार आवश्यकता के अनुरूप ट्रान्सफार्मरों की क्षमतावृद्धि भी किया जाए। उन्होंने उप कृषि निदेशक से कहा कि सभी पात्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत लाभान्वित किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी आवेदन लम्बित न रहने पाए।

राज्यमंत्री ने उप कृषि निदेशक एवं ए.आर-कोआपरेटिव को जनपद के सभी साधन सहकारी समितियों में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाए तथा समूहों को विभिन्न योजनाओं से आच्छादित भी किया जाए। उन्होंने कहा कि छूटे हुए पात्र लोगों को व्यक्तिगत शौचालय से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए एवं मानक के अनुरूप बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराई जाए।

राज्यमंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान-2026 के अन्तर्गत रोपित किए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जल-जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों को मानक के अनुरूप मरम्मत कार्य शीघ्र करा लिया जाए।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में प्रगति लाई जाए। उन्होंने जनपद में चल रहें पर्यटन कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराई जाए। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं दिव्यांग पेंशन योजना के अन्तर्गत छूटे हुए पात्र लोगों कोे लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि परिवार रजिस्टर के मिलान के उपरान्त 9706 नए पात्र लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें लाभान्वित किया जा रहा है, जिस पर राज्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध सुनिश्चित करा ली जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहने पाए।

बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने कहा कि शासन द्वारा आवंटित लक्ष्य के अनुरूप स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से मखाना की खेती कराए जाने की कार्यवाही की जा रही है। पी.एम.एफ.एम.ई. योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के लिए बड़ी इकाई स्थापित करने की कार्यवाही की जा रहीं है। सीएम युवा योजना से भी समूहों को लाभान्वित किया जा रहा है।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, मझनपुर वीरेन्द्र फौजी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा डीएम डाॅ. अमित पाल एवं एसपी सत्यनारायण सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor