कौशाम्बी: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीएम डॉ. अमित पाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों के बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
डीएम ने उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
डीएम ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को शत-शत नमन है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर तथा अपने लहू से सींचकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि हम सभी जिस भी दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, उसे पूर्ण सत्यनिष्ठा, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें, यही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हम सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित में अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए, ताकि देश निरन्तर प्रगति एवं विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
इस अवसर पर एडीएम (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर, एडीएम (न्यायिक) ओम प्रकाश एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








