कौशाम्बी: कुएं में गिरकर वृद्ध महिला की मौत,ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सराय अकिल थाना क्षेत्र के कोटिया पावर हाउस के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक कुएं के अंदर वृद्ध महिला का शव पड़ा देखा। महिला के कुएं में गिरने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। महिला के बेटे हिमांशु पाल ने कुएं में मिले शव की पहचान अपनी मां के रूप में की। मृतका की पहचान राजकुमारी पत्नी राम लखन पाल (60 वर्ष), निवासी कोटिया गांव के रूप में हुई।
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं से महिला का शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार सुबह कुछ लोग कुएं के पास बैठे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के अंदर गई तो एक वृद्ध महिला दिखाई दी। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
वृद्ध महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह कुएं में कैसे गिरी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।








