कौशाम्बी: वृद्धाश्रम में बुजुर्ग माताओं ने प्रबंधक आलोक राय को बांधी राखी,लिया सुरक्षा का वादा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वृद्धाश्रम में भावुक एवं आत्मीय माहौल देखने को मिला। वृद्धाश्रम में रह रहीं बुजुर्ग माताओं ने प्रबंधक आलोक राय को राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। माताओं ने उन्हें भाई का स्नेह देते हुए तिलक लगाया और राखी बांधकर आशीर्वाद दिया और उनसे अपनी सुरक्षा का वादा भी लिया ।
इस अवसर पर बुजुर्ग माताओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। राखी बंधवाने के बाद प्रबंधक आलोक राय ने सभी माताओं का आशीर्वाद लिया और कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाली सभी माताएं उनके लिए परिवार का हिस्सा हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना उनका सौभाग्य है।रक्षाबंधन का यह आयोजन रक्त के रिश्तों से परे अपनत्व, सम्मान और मानवता की मिसाल बन गया। माताओं और प्रबंधक के बीच स्नेह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। राखी का धागा सिर्फ कलाई पर नहीं बंधा, बल्कि दिलों के बीच एक मजबूत रिश्ता जोड़ गया।








