कौशाम्बी: कार की डिग्गी में मिले शव का 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा,शराब पीने के दौरान विवाद के बाद ईंट से हमला कर हुई थी हत्या,दो आरोपी अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर गांव में स्विफ्ट कार की डिग्गी से मिले शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। मंझनपुर पुलिस और सीआईडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो आरोपियों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित आला कत्ल ईंट के साथ मृतक के दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 13 सितंबर को महमदपुर गांव के खेत में खड़ी एक स्विफ्ट कार की डिग्गी से रवि यादव का शव बरामद हुआ था। मृतक प्रयागराज जनपद के थाना थरवई क्षेत्र के बलीपुर जैतवार डीह का रहने वाला था। जांच के दौरान पता चला कि रवि 12 सितंबर की रात अपने मामा के लड़कों के साथ महमदपुर आया था। शराब पीने के दौरान रवि का आरोपियों से विवाद हो गया।
पूछताछ में आरोपी संदीप यादव ने पुलिस को बताया कि रवि उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान रवि द्वारा उसकी बहन से शादी करने की बात कहने को लेकर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि समझाने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।इसी दौरान संदीप ने पास में पड़ी ईंट से रवि के चेहरे, सीने और सिर पर कई वार कर दिए। हमले में रवि की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को स्विफ्ट कार की डिग्गी में रख दिया और कार लेकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन खेत में कार फंस गई। इसके बाद दोनों आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों संदीप यादव और शानू यादव को फनगांव वाटर पार्क के पास से अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कथित हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की है।
पुलिस ने मृतक के दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और दो डेबिट कार्ड भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








