कौशाम्बी: आटा चक्की में लगे 8KW के सोलर पैनल चोरी से हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र के डोरमा गांव में चोरों ने एक आटा चक्की को निशाना बनाते हुए वहां लगा 8 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल खोलकर पार कर दिया। चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित द्वारा चोरी गए सोलर पैनल की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
डोरमा गांव निवासी नीरज पाण्डेय की चक्की पर सोलर पैनल लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि रात के समय चोर चक्की परिसर में पहुंचे और सोलर पैनल को खोलकर लेकर फरार हो गए।सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश में छानबीन कर रही है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भी चोरी को लेकर चिंता का माहौल है।








