कौशाम्बी: निर्माणाधीन अधूरे नाले में गिरकर दुधारू भैंस की मौत,एक हफ्त पहले खरीदी थी ,एक लाख 20 हजार की भैंस,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पंचायत चरवा के वार्ड नंबर पांच स्थित सुभाष चंद्र बोस नगर में निर्माणाधीन नाला ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। नाला निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण कहीं नाला ढका हुआ है तो कई हिस्से खुले पड़े हैं। देर रात खुले नाले में गिरने से एक महंगी दुधारू भैंस की मौत हो गई।
चरई निवासी भंवर सिंह उर्फ बोड्डा पाल पुत्र पुरुषोत्तम लाल पाल ने बताया कि उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले एक लाख 20 हजार रुपये में भैंस खरीदी थी। देर रात भैंस खूंटे से छूट गई और पास में खुले पड़े निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। नाले में फंसने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवार में मातम छा गया।
पीड़ित भंवर सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका आरोप है कि नाला निर्माण में ठेकेदार की लापरवाही के चलते नाला आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। खुले नाले के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नाले का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और खुले हिस्से को ढकवाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।








