सही जातीय जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा विभाग ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

कौशाम्बी: सही जातीय जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा विभाग ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में कांग्रेस पार्टी के पिछड़ा विभाग के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सरवर आलम के नेतृत्व में सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सही एवं पारदर्शी जातीय जनगणना कराने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान जातीय जनगणना की प्रक्रिया पिछड़े वर्गों की वास्तविक संख्या, अधिकारों और प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकती है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सरवर आलम ने कहा कि सामाजिक न्याय और पिछड़ों की भागीदारी सुनिश्चित करना कांग्रेस पार्टी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना पूरी पारदर्शिता और वैज्ञानिक तरीके से कराई जानी चाहिए, जिससे पिछड़े वर्गों को उनकी आबादी के अनुसार उचित प्रतिनिधित्व और अधिकार मिल सके।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. शाहिद सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पिछड़े, दलित, आदिवासी और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके हक एवं न्याय के लिए संघर्ष करती रहेगी।

पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार पिछड़ों के हक और अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं है। इसी कारण ऐसी शिथिल जातीय जनगणना कराई जा रही है, जिससे पिछड़े वर्गों की वास्तविक भागीदारी और अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता मो. शाहिद सिद्दीकी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्रवण जायसवाल, विनय पासी, नदीम अहमद, रविकांत प्रजापति, सबील अहमद, बच्चे भाई, शाहनवाज अख्तर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor