कौशाम्बी: कौशाम्बी में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा राष्ट्रीय पोषण माह,‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल के निर्देश पर जनपद में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। राज्य परियोजना निदेशक पोषण अभियान के निर्देशानुसार वर्ष 2018 से प्रत्येक सितंबर माह में यह अभियान मनाया जाता है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ (कुपोषण मुक्त भारत) के विजन को साकार करना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान के माध्यम से फोकस पोषण, देखभाल एवं बाल विकास के लिए सामुदायिक नेतृत्व वाली कार्रवाई के केंद्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थापित करना तथा जनसामान्य में इनके प्रति स्वामित्व एवं जवाबदेही की भावना मजबूत करना है।
पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन (HCM), सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) जैसे प्रमुख विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अभियान के तहत जिले, ब्लॉक एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर साप्ताहिक पोषण मेला, रेसिपी प्रदर्शन, प्रोटीनयुक्त खाद्य प्रतियोगिता, ईसीसीई दिवस, होम विजिट, वीएचएसएनडी, हॉट कुक्ड मील मेन्यू रोटेशन, सामुदायिक भागीदारी, टीकाकरण शिविर, साइकिल रैली, अन्नप्राशन एवं गोदभराई दिवस जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।








