कौशाम्बी: किसान दिवस में योजनाओं की दी गई जानकारी,पराली न जलाने की अपील की गई अपील,
यूपी के कौशाम्बी जिले के किसान कल्याण केंद्र मंझनपुर में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने किसानों को कृषि, फसल बीमा, मत्स्य, लघु सिंचाई और बीज संबंधी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक की शुरुआत उप कृषि निदेशक कौशाम्बी संतेंद्र कुमार तिवारी ने की। जिला प्रबंधक फसल बीमा कंपनी मनीष कुमार पाण्डेय ने किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ और प्रक्रिया की जानकारी दी। सहायक निदेशक मत्स्य राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने NFDP योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इच्छुक किसान मत्स्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
सहायक अभियंता लघु सिंचाई संजय कुमार जायसवाल ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र किसानों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष नूरूल इस्लाम ने क्षेत्र के उर्वरक प्रतिष्ठानों पर रेट बोर्ड नहीं लगाए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर उप कृषि निदेशक ने संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए।
किसानों ने सहकारी समितियों को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खोले जाने का सुझाव भी दिया। बैठक में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, मोटे अनाज, दलहन एवं तिलहन की फसलों के मिनी किट बीजों की बुकिंग और बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उप कृषि निदेशक ने किसानों से धान की कटाई के बाद पराली नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने पराली जलाने से होने वाले नुकसान और पराली को एकत्र कर सीबीजी प्लांट भेजने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी डॉ. शिव शंकर चौधरी, अपर जिला कृषि अधिकारी अनुज कुमार मौर्य, जिला खाद्य विपणन अधिकारी समेत कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के माध्यम से उनके समाधान की जानकारी दी। अंत में उप कृषि निदेशक ने किसानों का आभार जताते हुए कार्यक्रम का समापन किया।








