प्रभारी मंत्री ने की सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा,कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के दिए निर्देश

कौशाम्बी: प्रभारी मंत्री ने की सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा,कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के दिए निर्देश,

राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास, उत्तर प्रदेश एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने उदयन सभागार में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जनपद में अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के अंतर्गत अपने घरों में दीप प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं तथा विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक उल्लेखनीय कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को ड्रेस, जूते-मोजे आदि उपलब्ध कराने का निर्णय भी बच्चों के हित में एक सराहनीय पहल है।

सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले प्रमुख 13 कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट-इन्नोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद तथा ग्राम पंचायतों/नगर निकायों में स्थापित पुस्तकालयों का लोकार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं प्रस्तावित गतिविधियों से अवगत कराया।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार कार्य करें।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेंद्र कुमार फौजी, शिव मोहन मौर्य, ज्योति केसरवानी सहित अन्य संभ्रांत लोग तथा डीएम डॉ. अमित पाल एवं एसपी सत्यनारायण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor