कौशाम्बी: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,
यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत बाल विकास परियोजना मूरतगंज में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदस्य राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पोषण संबंधी चार्ट, पोस्टर एवं जागरूकता संदेशों से सुसज्जित ‘पोषण रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू वर्मा ने बताया कि यह पोषण रथ विकास खंड मूरतगंज के प्रमुख मार्गों से होते हुए चायल एवं नेवादा क्षेत्र में भ्रमण करेगा तथा आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम एवं कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदस्य राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने गांवों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के परिवारों से निरंतर संपर्क स्थापित कर उन्हें पौष्टिक आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे के लिए परिवार एवं समुदाय की जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा पोषण को जन-आंदोलन बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्मिकों ने कुपोषण की रोकथाम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार तथा प्रत्येक परिवार तक पोषण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में गिरिजेश प्रसाद कुमार, खंड विकास अधिकारी मूरतगंज; रेनू वर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी मूरतगंज; विराट गुप्ता पार्षद प्रतिनिधि वार्ड नंबर 25 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर एवं समस्त मुख्य सेविकाएं समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।








