कौशाम्बी: शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन,50-60 किमी दूर जाकर पढ़ाने को मजबूर,
यूपी के कौशाम्बी जिले में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने अपनी गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सोमवार को डीएम के माध्यम से दिया।
संघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में पिछले 26 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लगातार शासनादेश जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए संघ ने सरकार का आभार जताया है।
संघ ने बताया कि निवास स्थान की ग्राम पंचायत / वार्ड के विद्यालय में स्थानांतरित करने का शासनादेश जारी किया गया था, जिसके क्रम में महानिदेशक स्कूल शिक्षा द्वारा 12 जून 2025 एवं निदेशक बेसिक शिक्षा द्वारा दिसम्बर 2025 को जनपद स्तर पर शिक्षामित्रों के समायोजन का आदेश जारी किया गया था।
लेकिन दुख की बात है कि जनपद लखनऊ एवं बाराबंकी के अतिरिक्त अभी तक किसी भी जनपद में यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है। जिससे अपने घर से 50 से 60 किलोमीटर की दूरी तय करके शिक्षामित्र शिक्षण कार्य करने को मजबूर हैं।ज्ञापन में समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन देने में जिलाध्यक्ष रत्नाकर सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष क्षितीश तिवारी, जिला महामंत्री इरशाद अहमद, जिला कोषाध्यक्ष नथन लाल सरोज सहित सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।








