मेडिकल कॉलेज में मनाया गया विश्व हृदय दिवस,चिकित्सकों ने हृदय रोगों से बचाव के बताए उपाय, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान

कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में मनाया गया विश्व हृदय दिवस,चिकित्सकों ने हृदय रोगों से बचाव के बताए उपाय, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान,

यूपी के कौशाम्बी जिले में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हृदय रोगों के जोखिम कारकों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. (डा.) हरिओम कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में हृदय के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. पंकज कुमार तिवारी ने कहा कि हृदय रोगों की रोकथाम में जागरूकता और समय पर चिकित्सकीय सलाह की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा हृदय संबंधी किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की अपील की।

वरिष्ठ परामर्शदाता, मेडिसिन विभाग, डा. सुरभि प्रकाश ने हृदय स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद और तनाव पर नियंत्रण हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, धूम्रपान, मोटापा एवं अस्वास्थ्यकर जीवनशैली जैसे जोखिम कारकों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

सहायक आचार्य, कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग, डा. संतोष कुमार ने हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए जोखिम कारकों की समय रहते पहचान कर उनका नियंत्रण करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो. (डा.) हरिओम कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. पंकज कुमार तिवारी, डा. सुरभि प्रकाश, डा. रविरंजन सिंह, डा. नन्दिनी राघव, डा. याशमीन फातिमा, डा. विशाखा दीक्षित, डा. संतोष कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य, चिकित्साधिकारी, सीनियर रेजीडेन्ट, जूनियर रेजीडेन्ट, इंटर्न एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor